उत्तरी राज्यों के भाजपा कोर ग्रुप से मिलेंगे राजनाथ

उत्तरी राज्यों के भाजपा कोर ग्रुप से मिलेंगे राजनाथ

चंडीगढ़ : कुछ राज्यों में भाजपा की इकाइयों में कलह और गुटबाजी के बीच, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह वर्ष 2014 मे होने जा रहे लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के पार्टी कोर समूहों से मुलाकात करेंगे।

एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने बताया कि रविवार से शुरू हुई दो दिवसीय उत्तर यात्रा के दौरान सिंह पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के भाजपा कोर समूहों के साथ अलग अलग मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया, ‘गहन विचार विमर्श होगा जिसमें पार्टी के नेताओं का पक्ष सुन कर अध्यक्ष चुनावों में भाजपा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देश जारी करेंगे।’ उन्होंने यह भी बताया कि सिंह कल पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मिल सकते हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि उत्तरी क्षेत्र से लोकसभा में 34 सीटें हैं। इनमें से 13 सीटें पंजाब में, 10 हरियाणा में, एक चंडीगढ़ में, चार हिमाचल प्रदेश में और छह सीटें जम्मू कश्मीर में हैं। उन्होंने कहा कि इन सीटों में पकड़ मजबूत करना भाजपा के लिए अहम है। भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि सिंह शाम को शहर इकाई के नेताओं से मिलेंगे, सोमवार सुबह वह हरियाणा इकाई के नेताओं से मिलेंगे और बाद में जम्मू कश्मीर के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 22, 2013, 22:31

comments powered by Disqus