उत्तर भारतीय बिन बुलाए मेहमान: शिवसेना - Zee News हिंदी

उत्तर भारतीय बिन बुलाए मेहमान: शिवसेना

मुंबई : कांग्रेस सांसद संजय निरुपम के इस बयान पर कि 'उत्तर भारतीय मुंबई को ठप कर सकते हैं' शिवसेना ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र ने उन्हें यहां आने और काम करने के लिए आमंत्रित नहीं किया। ये मुंबई के बिन बुलाए मेहमान हैं।

 

शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ ने अपने संपादकीय में लिखा है, ‘उत्तर भारतीयों को मुंबई में आमंत्रित नहीं किया गया। वह यहां जीविका कमाने आए और बस गए। अगर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग ऑटो चलाते हैं, सब्जी और दूध बेचते हैं तो वह अन्य अवैध कामों में भी लिप्त हैं। अगर उन्हें लगता है कि वह मुंबई की रफ्तार को थाम सकते हैं तो वह अपने मवेशियों और तबेलों को लेकर अपने गांव वापस जा सकते हैं। इसके अनुसार, कई छोटे उद्योग उत्तर भारतीयों के अधिकार में हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि अगर वह काम बंद कर देंगे तो शहर थम जाएगा।'

 

सामना के अनुसार, ‘दूसरे मेहनती लोग उनकी जगह ले लेंगे। मुंबई ऐसा शहर है जो हमेशा चलता रहता है। अगर उत्तर भारतीय दूध की आपूर्ति बंद कर देंगे तो मुंबईवासी काली चाय पीनी शुरू नहीं करेंगे।’ इसके अनुसार, ‘मराठी लोग महानंद, गोकुल, वरना समेत कई ब्रांड के दूध बेचते हैं। वह ‘वड़ा पाव’ के स्टॉल लगाते हैं और वह ‘भेल पुरी’ और ‘पानी पुरी’ भी बेच सकते हैं।’

 

अखबार ने उत्तर भारतीय नेताओं जैसे मुंबई कांग्रेस प्रमुख कृपाशंकर सिंह, समाजवादी पार्टी के नेता अबु आजमी और कांग्रेस सांसद संजय निरूपम को उनके बयानों ‘मुंबई उत्तर भारतीयों द्वारा चलाई जा रही है’ पर चेतावनी भी दी है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, November 3, 2011, 19:29

comments powered by Disqus