Last Updated: Friday, December 7, 2012, 13:45
अमृतसर : सहायक उप निरीक्षक रविन्दर पाल सिंह की हत्या के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। सिंह की हत्या शिरोमणि अकाली दल के एक स्थानीय नेता और उसके सहयोगियों ने उस समय कथित तौर पर कर दी थी जब वह उनसे उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ रोकने को कह रहे थे।
अमृतसर पुलिस आयुक्त राम सिंह ने आज बताया कि आरोपी गुरवीर सिंह बीरा को कल देर रात गिरफ्तार किया गया। बीरा की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक चार लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस पांचवें आरोपी की तलाश कर रही है। कल शिअद नेता रंजीत सिंह राणा और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया था जबकि एक थाना प्रभारी को पीड़ित लड़की की छेड़छाड़ संबंधी शिकायत पर कार्रवाई करने में कथित तौर पर असफल रहने के लिए बर्खास्त कर दिया गया।
सिंह ने बुधवार को शिअद नेता समेत इन युवकों को अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ बंद करने के लिए कहा था जिसके बाद इन लोगों ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। यह लोग लड़की के साथ छेड़छाड़ करते आ रहे थे। पुलिस, 23 वर्षीय लड़की की सूचना के बाद घटनास्थल पहुंची। लड़की ने पहले भी पुलिस के समक्ष इन लड़कों की शिकायत की थी। पुलिस ने घटना के बाद राणा, गुरवीर सिंह और दूसरे आरोपी पर भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 7, 2012, 13:45