एमपी के बरेली में तीसरे दिन भी कर्फ्यू - Zee News हिंदी

एमपी के बरेली में तीसरे दिन भी कर्फ्यू

रायसेन:  मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बरेली कस्बे में किसान आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा के बाद लगाया गया कर्फ्यू बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सुबह कर्फ्यू में दो घंटे की ढील दी गई। ज्ञात हो कि सोमवार को समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं खरीदी में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों की पुलिस से जमकर झड़प हुई थी। किसानों ने जहां जमकर तोड़फोड़ कर आगजनी की थी, वहीं पुलिस ने लाठीचार्ज और गोलीबारी की थी। इस घटना में एक किसान हरिसिंह प्रजापति की जान चली गई थी। उसके बाद से बिगड़े हालात के चलते प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया था।

 

सुबह दो घंटे की कर्फ्यू में ढील दी गई। सुबह आठ से 10 बजे के बीच दी गई कर्फ्यू में ढील के दौरान किसी तरह की विपरीत स्थिति नहीं बनी। लोगों ने इस अवधि मे जरुरी सामान की खरीददारी की। हालात अभी काबू में बताए जा रहे है। पुलिस भारतीय किसान संघ के प्रदेशाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा सहित 42 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं अन्य पर नजर रख रही है।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, May 9, 2012, 11:36

comments powered by Disqus