Last Updated: Tuesday, December 18, 2012, 09:59

भोपाल: मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने पर उन्हें मजा तो नहीं, सजा जरूर मिल रही है। उन्हें मानहानि जैसे मामलों का सामना करना पड़ रहा है।
भोपाल के जिला न्यायालय में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा दायर मानहानि प्रकरण के सिलसिले में यहां आईं उमा भारती ने सोमवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। चर्चा के दौरान उमा भारती अपने दर्द का इजहार भी कर गईं।
उमा ने कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार व अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया है जिसे वह आगे भी जारी रखेंगी। उन्होंने कहा, "सत्ता में रहते हुए मैंने न तो भ्रष्टाचार किया और न ही भ्रष्टाचार करने वालों का साथ दिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर मैं हर सजा भुगतने को तैयार हूं।"
राज्य में नौ वर्ष पूर्व 2003 में भाजपा की सरकार बनवाने वाली उमा भारती को हुबली में एक प्रकरण पर वारंट जारी होने पर मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ना पड़ी थी। वहीं उन्हें न्यायालयों के चक्कर भी काटने पड़ रहे हैं।
उमा भारती ने 2003 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर 15 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के घोटाले का आरोप लगाया था। इसके खिलाफ सिंह ने मानहानि का प्रकरण दर्ज कराया था।
दिग्विजय सिंह इस प्रकरण पर चार दिसम्बर को न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रख चुके हैं और इसी क्रम में अपना बयान दर्ज कराने उमा भारती सोमवार को न्यायालय में उपस्थित हुईं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 18, 2012, 09:59