ओडिशा हिंसा: टाइटलर पर मुकदमा, कांग्रेस का जवाबी FIR

ओडिशा हिंसा: टाइटलर पर मुकदमा, कांग्रेस का जवाबी FIR

ओडिशा हिंसा: टाइटलर पर मुकदमा, कांग्रेस का जवाबी FIRभुवनेश्वर : कांग्रेस समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच एक रैली के दौरान हुई झड़प में 260 से अधिक लोगों के घायल होने के सिलसिले में पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर और निरंजन पटनायक के खिलाफ पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। जवाब में कांग्रेस ने भी बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक और पुलिस के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस उपायुक्त नितिनजीत सिंह ने कहा, ‘कांग्रेस के प्रभारी जगदीश टाइटलर और निरंजन पटनायक समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ गुरुवार की हिंसा के संदर्भ में कई मामले दर्ज किए हैं।’ सिंह ने बताया कि राजधानी पुलिस थाना और खारवेल नगर पुलिस थाना में अभी तक पांच मामले दर्ज किए गए हैं जबकि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिशें जारी हैं। सहायक पुलिस आयुक्त निहार दास ने बताया कि हिंसा में शामिल रहने और एक महिला कांस्टेबल पर हमला करने के सिलसिले में 34 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान होने के बाद और अधिक गिरफ्तारी होने की संभावना है।

इस बीच, कांग्रेस ने बीजद अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक तथा पुलिस के खिलाफ एक जवाबी प्राथमिकी दर्ज कराई है। इन पर पार्टी के लोगों पर हमला करने के सिलसिले में यह मामला दर्ज कराया गया है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने कहा, ‘इस मामले में पुलिस हालांकि नवीन पटनायक सरकार की शह पर काम कर रही है, हम पुलिस की ओर से दर्ज मामले का सामना करने को तैयार हैं।’ पुलिस सूत्रों ने कहा कि आपराधिक षड्यंत्र, दंगा, गंभीर रूप से घायल करना, दूसरों के जीवन को खतरे में डालना, छेड़छाड़ जैसे भारतीय दंड संहिता और सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने से रोकने वाले अधिनियमों के तहत विभिन्न मामले दर्ज किये गए हैं।

गौरतलब है कि गुरुवार को एमजी रोड पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उस वक्त पुलिस के साथ झड़प हो गई थी, जब उन्होंने कोल ब्लॉक आवंटन के मामले में पटनायक के इस्तीफे की मांग करते हुए राज्य विधानसभा की इमारत में घुसने का प्रयास किया। इस घटना में 260 लोग घायल हो गए थे जिसमें 60 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस की मुठभेड़ के बीच सत्तारुढ़ बीजद और विपक्षी कांग्रेस हिंसा के लिए एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप में जुट गई है।

कांग्रेस ने पुलिस पर प्रदर्शन स्थल के पास बनाए गए घेरे को पार करने और गिरफ्तारी देने जाने वाले प्रदर्शनकारियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। इसके विपरीत बीजद ने प्रदर्शनकारियों पर अव्यवस्था फैलाने और उपद्रव करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने पुलिस की कथित ज्यादती के खिलाफ सोमवार को ओडिशा बंद का आह्वान किया है जबकि बीजद की महिला शाखा ने आज कांग्रेस पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए धरना दिया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, September 8, 2012, 19:34

comments powered by Disqus