कर्नाटक विस चुनाव: भाजपा के शीर्ष नेताओं ने किया तूफानी दौरा

कर्नाटक विस चुनाव: भाजपा के शीर्ष नेताओं ने किया तूफानी दौरा

कर्नाटक विस चुनाव: भाजपा के शीर्ष नेताओं ने किया तूफानी दौरा बेंगलूर : भाजपा के शीर्ष नेताओं लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज तथा राजनाथ सिंह ने रविवार को पूरे कर्नाटक में विभिन्न स्थानों पर जन रैलियों को संबोधित किया जहां आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी सत्ता में पुन: वापसी के लिए जीतोड़ मेहनत कर रही है। आडवाणी ने रानेबन्नूर और दावणगेरे में , राजनाथ ने चिक्कोड़ी में , एम वेंकैया नायडू ने सिंधनूर तथा गंगावती में जनसभाओं को संबोधित किया। ये वे इलाके हैं जहां पार्टी मजबूत स्थिति में है। सुषमा ने बेंगलूर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

केंद्रीय नेताओं के चुनावी मैदान में उतरने के साथ ही मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार, पार्टी महासचिव एच एन अनंतकुमार , प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रह्लाद जोशी तथा पूर्व मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने भी विभिन्न हिस्सों में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस महीने के अंत में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चुनाव प्रचार के लिए राज्य का दौरा करने की संभावनाओं से पार्टी के चुनावी अभियान को काफी बल मिलने की संभावना जतायी जा रही है।

हालांकि अगले महीने हो रहे विस चुनाव भाजपा के लिए कड़ी चुनौती है जो दक्षिण में भगवा दल की पहली सरकार के पांच साल के कार्यकाल में तीन मुख्यमंत्री देख चुकी है। इसके साथ ही भाजपा की सरकार को सत्ता विरोधी लहर, रिश्वत के आरोपों तथा अन्य मुद्दों से भी जूझना पड़ रहा है। जनसभाओं को संबोधित करते हुए आडवाणी ने चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर समझौते का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है।

पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा का नाम लिए बिना आडवाणी ने कहा कि पार्टी न तो भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करेगी और न ही उससे कोई समझौता करेगी। रिश्तवखोरी के आरोपों में केंद्रीय नेतृत्व ने येदियुरप्पा को पार्टी छोड़ने को मजबूर किया था। बेंगलूर में जनसभा को संबोधित करते हुए सुषमा ने कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर हमला बोलते हुए उस पर देश में भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर काबू पाने में विफल रहने का आरोप लगाया। सुषमा ने कहा, ‘‘ कांग्रेस सरकार का भ्रष्टाचार हवा, जमीन और पाताल तक है । ’’वह 2 जी स्पैक्ट्रम , कामनवेल्थ परियोजनाओं तथा कोल ब्लाक आवंटन में कथित अनियमितताओं का जिक्र कर रही थीं। उन्होंने येदियुरप्पा और उनके समर्थकों का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि असंतुष्ट तत्वों के जाने के बाद अंदरूनी लड़ाई बीते दिनों की बात हो चुकी है।

उन्होंने कहा, ‘‘ इस बार में कर्नाटक के लोगों को आश्वासन देना चाहूंगी कि पार्टी ने राज्य में शासन करते हुए काफी कुछ सीखा है और हम पिछली बातों को दोहराएंगे नहीं और साफ सुथरी तथा सफल सरकार देंगे । हमें आपके सहयोग की जरूरत है ।’’ चिक्कोड़ी में एक जनसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि येदियुरप्पा अपने ही बुने जाल में फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी से बड़ा नहीं है और येदियुरप्पा के जाने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने का भी विश्वास जाहिर किया। (एजेंसी)

First Published: Monday, April 22, 2013, 09:20

comments powered by Disqus