कश्मीर: पारा शून्य से 19.9 डिग्री नीचे - Zee News हिंदी

कश्मीर: पारा शून्य से 19.9 डिग्री नीचे



श्रीनगर : कश्मीर में तीव्र जाड़े से तीन दिन तक राहत मिलने के बाद बुधवार को तापमान फिर गिर गया जिससे घाटी एक बार फिर शीतलहर के आगोश में आ गई।

 

घाटी में तीन दिन के बाद पहली बार न्यूनतम तापमान फिर गिर गया। पिछले साल दिसंबर के शुरू से यहां चले शीतलहर के दौर के बाद बीते दिन इसका प्रकोप कम हुआ था।

 

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को श्रीनगर में तापमान शून्य से 1.4 डिग्री कम दर्ज किया गया जो कल के तापमान से 0.2 डिग्री कम है।

 

उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कल के न्यूनतम तापमान की तुलना में यह गिरावट 3.7 डिग्री की है।

 

दक्षिण कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.2 डिग्री कम दर्ज किया गया।

 

दक्षिण कश्मीर का गेटवे कहलाने वाले काजीगुंड में तापमान शून्य से 4.2 डिग्री कम दर्ज किया गया जबकि उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती कुपवाड़ा शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

इस सप्ताह के शुरू में हिमपात होने के बाद शीतलहर का प्रकोप कम हो गया था और श्रीनगर में तापमान शून्य से 7.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था।

 

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 19.9 डिग्री कम दर्ज किया गया जो कल के न्यूनतम तापमान से 11.3 डिग्री कम है।  (एजेंसी)

 

First Published: Wednesday, January 18, 2012, 16:37

comments powered by Disqus