Last Updated: Friday, December 30, 2011, 10:23
श्रीनगर: ठंड ने कश्मीर घाटी को शुक्रवार को और जबर्दस्त तरीके से अपने आगोश में ले लिया। श्रीनगर में शुक्रवार का तापमान शून्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
श्रीनगर में पिछले हफ्ते इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई थी। उस दिन तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था। श्रीनगर में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। रात के तापमान में गिरावट से डल झील और अन्य जलाशय आंशिक तौर पर जम गये हैं।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के लेह जिले में तापमान शून्य से 16.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। यह कल की तुलना में 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। करगिल क्षेत्र में तापमान शून्य से 15.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से साढ़े सात डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। वहीं, दक्षिण कश्मीर में पहलगाम में तापमान शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में तापमान शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
(एजेंसी)
First Published: Friday, December 30, 2011, 15:57