कांग्रेस सांसद से 34 लाख की ठगी, गिरफ्तार

कांग्रेस सांसद से 34 लाख की ठगी, गिरफ्तार

नागपुर : पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने एक सांसद को ही लाखों रुपये का चूना लगा दिया। 36 वर्षीय इस जालसाज ने ठगी के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उसने कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य विजय दर्डा को फोन कर खुद को गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत के रूप में पेश किया और उनसे 34 लाख रुपये ठग लिए।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी दिगंबर उर्फ बालासाहेब खरे पाटिल को कल सोलापुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि खुद को कामत के रूप में पेश करते हुए पाटिल ने नौ अक्टूतबर को दर्डा को उस समय फोन किया जब वह दिल्ली में थे। इस ठग ने दर्डा से कहा कि हरियाणा के एक राजनीतिज्ञ को अपने समर्थकों को वित्तीय मदद उपलब्ध कराने के लिए यह राशि चाहिए।

दर्डा ने अगले दिन मुंबई की उड़ान पकड़ी। पाटिल ने उन्हें फिर फोन किया और अपना आग्रह याद दिलाया। इसके जवाब में दर्डा ने कहा कि पैसे की व्यवस्था की जा रही है और उसे यह पुणे में दे दिया जाएगा।

बाद में इस जालसाज की ओर से एक अज्ञात व्यक्ति पुणे के बैंड गार्डन पहुंचा और इस वायदे के साथ धन हासिल कर लिया कि राशि 15 अक्टूबर को लौटा दी जाएगी। पैसा वापस नहीं मिलने पर दर्डा ने गोवा में कामत से संपर्क किया। कामत भी कांग्रेस के नेता हैं। पुलिस के अनुसार दोनों नेताओं का एक-दूसरे से संपर्क होने पर दर्डा यह जानकर हैरान रह गए कि कामत ने उन्हें किसी भी तरह की वित्तीय मदद के लिए कोई फोन नहीं किया था।

इस पर दर्डा ने अपने स्टाफ के जरिए कल यहां धंतोली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसने मामले को जांच के लिए पुणे स्थानांतरित कर दिया। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 19, 2012, 19:54

comments powered by Disqus