Last Updated: Wednesday, August 22, 2012, 10:59

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने कहा है कि गीतिका शर्मा मामले में आरोपी गोपाल गोयल कांडा के खिलाफ जरुरी सबूत मिल गए है। माना जा रहा है कि दिल्ली पुलिस को इस मामले में इतने सबूत मिल गए है जिससे कांडा को इस मामले में आरोपी बनाया जा सकता है।
इस बीच गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में गिरफ्तार हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के खिलाफ पीड़िता को उत्पीड़ित करने के लिए फर्जी इलेक्ट्रानिक संदेश भेजने को लेकर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराएं लगाई हैं। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस ने कांडा के खिलाफ इस कानून की धारा 66 (ए) लगाई है।
इस मामले में कांडा के अलावा उसकी एक और सहयोगी अरूणा चड्ढा को भी गिरफ्तार किया गया है। कांडा के आत्मसमर्पण के बाद 18 अगस्त को अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा दिया था। इसके बाद जांच के सिलसिले में पूर्व मंत्री को हरियाणा और दिल्ली के कई स्थानों पर ले जाया गया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि उसने विभिन्न इलेक्ट्रानिक उपकरणों सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किये हैं। अरुणा को आठ अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और फिर 16 अगस्त को उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
पूर्व विमान परिचायिका 23 वर्षीय गीतिका पांच अगस्त को उत्तर पश्चिम दिल्ली स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गई थी। गीतिका ने अपने सुसाइट नोट में कांडा और अपनी वरिष्ठ सहयोगी अरूणा पर उत्पीडन का आरोप लगाया था।
First Published: Wednesday, August 22, 2012, 09:58