Last Updated: Tuesday, August 28, 2012, 20:36

नई दिल्ली: पूर्व विमान परिचारिका गीतिका शर्मा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा ने मंगलवार को अदालत में कहा कि यह मामला राजनीति से प्रेरित है। दिल्ली की स्थानीय अदालत ने कांडा को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गीतिका, कांडा की कम्पनी में काम करती थी।
महानगर दंडाधिकारी देवेंदर कुमार जांगला ने मंगलवार को कांडा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। न्यायाधीश ने कहा, आरोपी 11 सितम्बर तक न्यायिक हिरासत में रहेगा।
कांडा ने न्यायाधीश से कहा कि उसके खिलाफ यह मामला राजनीति से प्रेरित है और उसके राजनीतिक विरोधी पर उस पर हमला कर सकते हैं। कांडा ने जेल से अदालत आने जाने के लिए अलग वाहन उपलब्ध कराने की मांग की। न्यायाधीश ने कांडा की बात मानते हुए उसे अलग वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पूर्व मंत्री के अधिवक्ता सोमेश अरोड़ा ने कहा, उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद जेल से अदालत आने जाने के दौरान उनके ऊपर हमला होने की आशंका है।
न्यायाधीश ने कहा, आरोपी कांडा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे अदालत आने जाने के लिए अलग वाहन उपलब्ध कराने की अनुमति दी जाती है।कांडा को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। वह 10 दिन तक पुलिस हिरासत में थे।
गीतिका का शव पांच अगस्त को उनके उत्तरी दिल्ली के अशोक विहार स्थित आवास पर लटका हुआ पाया गया था। सुसाइड नोट में गीतिका ने कांडा व अरुणा चड्ढा का नाम लिया था। कांडा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। अरुणा पहले ही न्यायिक हिरासत में हैं।
कांडा एमडीएलआर एयरलाइंस के मालिक हैं, जहां गीतिका विमान परिचायिका थीं। वर्ष 2009 में एयरलाइंस ने काम करना बंद कर दिया था। गीतिका को कांडा के स्वामित्व वाली एक अन्य कम्पनी में पदस्थ कर दिया गया था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 28, 2012, 20:11