Last Updated: Saturday, April 28, 2012, 10:39
पणजी: गोवा की शीर्ष औद्योगिक संस्था, वैज्ञानिकों और स्थानीय बुद्धिजीवियों ने राष्ट्रपति पद के लिए भारतीय परमाणु ऊर्जा आयोग (एईसीआई) के पूर्व अध्यक्ष अनिल काकोदकर का नाम आगे बढ़ाया है, और उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए राज्य के सभी राजनीतिक दलों का समर्थन मांगा है।
गोवा की शीर्ष औद्योगिक संस्था, गोवा चैम्बर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (जीसीसीआई), वैज्ञानिकों और स्थानीय बुद्धिजीवियों द्वारा इस बारे में शुरू की गई मुहिम ने यहां जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। जीसीसीआई के अध्यक्ष मानगुरीश पै रायकर ने कहा, 'हम राष्ट्रपति पद के लिए गैर राजनीतिक उम्मीदवार के रूप में काकोदकर का नाम आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। वह सबसे योग्य व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता का लोहा मनवाया है।' रायकर ने कहा कि इस शीर्ष पद पर काकोदकर को प्रतिस्थापित करने के लिए एक कार्य समूह पहले से सक्रिय है।
गोवा मूल के काकोदकर, कांग्रेस की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष पुरुषोत्तम काकोदकर के पुत्र हैं। वह मध्य प्रदेश में पैदा हुए थे और पढ़ाई उन्होंने मुम्बई में की। उसके बाद परमाणु वैज्ञानिक के रूप में उनकी नियुक्ति हुई। सफल प्रशासक के रूप में काकोदकर को पद्मश्री (1998), पद्मभूषण (1999) और पद्मविभूषण (2009) सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। रायकर ने कहा, 'हम सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करते हैं कि अगले राष्ट्रपति के रूप में काकोदकर को चुनने के लिए सहमति बनाई जाए। वह स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र, सक्षम नेतृत्वकर्ता, विश्व प्रसिद्ध वैज्ञानिक हैं, और इन सबके अलावा शानदार, सम्मानित और गैरराजनीतिक व्यक्ति हैं।'
(एजेंसी)
First Published: Saturday, April 28, 2012, 22:10