Last Updated: Thursday, October 3, 2013, 11:14
ज़ी मीडिया ब्यूरोकानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने वाले भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली स्थल के लिए 10 दिनों से चला आ रहा सस्पेंस आखिरकार समाप्त हो गया है। कानपुर जिला प्रशासन ने शहर के फूलबाग मैदान को मोदी की रैली के लिए देने पर अपनी मौखिक सहमति जता दी है।
नरेंद्र मोदी की कानपुर में 19 अक्टूबर को रैली होगी। देश भर में अब तक हुई मोदी की जनसभाओं में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए स्थानीय भाजपा नेता मैदान को लेकर पसोपेश में थे। शहर के कुल 13 मैदानों को रैली स्थल के लिए विचारार्थ चुना गया था। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने इनमें से फूलबाग और निरालानगर के मैदानों को अंतिम रूप से चुना था। इसके बाद जिला प्रशासन से दोनों में से किसी एक मैदान को रैली के लिए देने की अनुमति मांगी गई थी।
निराला नगर के मैदान को रेलवे ने देने से मना कर दिया और फूलबाग को अनुमति देने में उसके सौंदर्यीकरण का पेंच फंस रहा था। एक-एक दिन का विलंब हो रहा था और भाजपाइयों के पसीने छूट रहे थे। इस पर बुधवार को भाजपा के विधायक, शहर अध्यक्ष ने डीएम से वार्ता की। शहर भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि डीएम ने फूलबाग के मैदान पर मौखिक स्वीकृति दे दी है। रैली स्थल तय होने की सूचना गुजरात प्रशासन को भी दे दी गई है।
First Published: Thursday, October 3, 2013, 11:14