कावेरी विवाद: जयललिता-शेट्टार में आज होगी चर्चा

कावेरी विवाद: जयललिता-शेट्टार में आज होगी चर्चा

कावेरी विवाद: जयललिता-शेट्टार में आज होगी चर्चा बेंगलूरु/चेन्नई : सुप्रीम कोर्ट की सलाह को ध्यान में रखते हुए कावेरी जल बंटवारा विवाद पर तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता और कर्नाटक के मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार गुरुवार को बेंगलूर में बैठक करने वाले हैं।

यह मुद्दा दोनों राज्यों में राजनीतिक रूप से संवेदनशील विषय है। यह बैठक कल तीन बजे एक होटल में होनी है। गौरतलब है कि शीर्ष न्यायालय ने सुझाव दिया था कि दोनों ही मुख्यमंत्रियों को इस संवदेनशील जल विवाद पर मिल बैठकर एक सौहार्दपूर्ण हल निकालना चाहिए। कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री आर. अशोका ने बेंगलुर में संवाददाताओं से कहा कि हमारा यह विचार है कि वार्ता सौहार्दपूर्ण माहौल में होना चाहिए। यदि हम समस्या का वार्ता के जरिए एक स्थायी समाधान करने में सक्षम हैं तो यह कर्नाटक और तमिलनाडु दोनों ही राज्यों के किसानों के लिए अच्छा होगा।

उन्होंने कहा कि यह किसानों का सवाल है, किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा नहीं है। यदि दोनों राज्यों के किसानों के लिए कोई स्वीकार्य हल निकलता है तो यह उन लोगों के लिए अच्छा होगा।

पिछले 15 साल में यह दूसरा मौका है जब दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री जल विवाद पर द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इससे पहले, वर्ष 1997 में एम करूणानिधि और जेएच पटेल ने चेन्नई में वार्ता की थी। (एजेंसी)

First Published: Thursday, November 29, 2012, 13:29

comments powered by Disqus