कुख्यात भारतीय अपराधी काठमांडो में गिरफ्तार

कुख्यात भारतीय अपराधी काठमांडो में गिरफ्तार

काठमांडो : बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिलों में 36 लोगों की हत्या का आरोपी कुख्यात अपराधी बबलू दुबे को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को नारायणी जोनल पुलिस थाने में दुबे का परेड कराया गया था। बाद में उसे बिहार के रक्सौल जिले से सटे शहर बीरगंज ले जाया गया जहां वह दर्जनों लोगों की हत्या का आरोपी है।

नेपाल पुलिस के प्रवक्ता व सहायक पुलिस महानिरीक्षक केशव अधिकारी ने बताया कि पुलिस अभी भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, ‘अभी तक हम इस बात की पुष्टि नहीं कर सके हैं कि उसने नेपाल में कोई अपराध किया है या नहीं।’ पुलिस ने दुबे के पास से पांच मोबाइल फोन, 10 सिमकार्ड, 1.73 लाख नेपाली रुपए और 60,000 भारतीय रुपए बरामद किए हैं।

ऐसा माना जा रहा है कि बिहार के कल्याणपुर निवासी दुबे हत्या और बैंक डकैती जैसे मामलों में दोषी करार दिए जाने के बाद 10 वर्ष की सजा काट चुका है । कहा जाता है कि जेल में सजा कटते हुए उसने एक भूमिगत संगठन ‘बिहार पीपुल्स पार्टी’ बनाया। स्थानीय पुलिस के अनुसार, दुबे के संगठन पर तीन दर्जन भारतीयों की हत्या करने और भारत से 10 करोड़ रुपए की फिरौती वसूलने का आरोप है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, June 2, 2013, 21:01

comments powered by Disqus