केदारनाथ में इंदौर के भाजपा नेता समेत तीन की मौत

केदारनाथ में इंदौर के भाजपा नेता समेत तीन की मौत

इंदौर : केदारनाथ धाम में अतिवृष्टि के बाद आयी भीषण आपदा में मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के एक भाजपा नेता और उनकी पत्नी समेत तीन लोगों के मरने की आज पुष्टि हो गई। इस आपदा में जिले के सात अन्य लोगों के मारे जाने की आशंका है।

एडीएम आलोक सिंह ने बताया कि केदारनाथ आपदा में मारे गये लोगों की पहचान भाजपा के इंदौर मंडल के महामंत्री भगवान सिंह (45), सुगन बाई (40) और रूप सिंह (70) के तौर पर हुई है। सुगन बाई भगवान सिंह की पत्नी थीं। वह इंदौर जनपद पंचायत की सदस्य थीं।

सिंह ने बताया कि केदारनाथ में भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान मारे गये तीनों लोग जिले के झालरिया गांव के रहने वाले थे। वे एक निजी ट्रैवल्स संचालक की बस से उत्तराखंड की चार धाम यात्रा पर निकले जत्थे में शामिल थे। उन्होंने बताया कि इस आपदा के दौरान इंदौर जिले के करीब सात अन्य लोग बह गये, जो इसी धार्मिक जत्थे में शामिल थे।

First Published: Friday, June 21, 2013, 15:10

comments powered by Disqus