खराब सेहत के चलते कोर्ट में पेश न हो सके चौटाला

खराब सेहत के चलते कोर्ट में पेश न हो सके चौटाला

खराब सेहत के चलते कोर्ट में पेश न हो सके चौटाला नई दिल्ली : शिक्षक नियुक्ति घोटाले में 16 जनवरी से सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को शनिवार को खराब स्वास्थ्य के कारण उनके खिलाफ दर्ज आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामले में दिल्ली की एक अदालत में पेश नहीं किया जा सका।

विशेष न्यायाधीश मनु राय सेठी ने 13 फरवरी को जारी पेशी वारंट में पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे 78 वर्षीय चौटाला को आज पेश करने का आदेश दिया था। इंडियन नेशनल लोक दल (इनलोद) प्रमुख चौटाला भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में 10 साल कैद की सजा पाने के बाद से तिहाड़ कारागार में कैद हैं।

पुलिस अधिकारियों ने आज अदालत को बताया कि चौटाला का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें पेश नहीं किया जा सका। उनकी अनुपस्थिति में अदालत अभियोजन पक्ष के गवाहों से पूछताछ नहीं कर पायेगी। मामले की सुनवायी अब 16 मार्च के लिये तय की गयी है।

सीबीआई ने 26 मार्च 2010 को चौटाला के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था जिसमें उनके खिलाफ कथित तौर पर 6.09 करोड़ रुपए की संपत्ति होने का अभियोग लगाया गया था, जो वर्ष 1993 से 2006 के बीच उनकी वैध आय से काफी अधिक था।

उनके बेटों अजय और अभय चौटाला के खिलाफ भी दो ऐसे अलग-अलग मामले दर्ज हैं।

दिल्ली की एक अदालत ने 22 जनवरी को चौटाला और अजय को हरियाणा में अवैध तौर पर वर्ष 2000 में 3,206 कनिष्ठ प्रशिक्षित शिक्षकों (जेबीटी) की नियुक्ति के मामले में 10 साल कैद की सजा सुनायी थी।

सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने हरियाणा के कांग्रेस के नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला की शिकायत पर चौटाला और उनके बेटों के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किये थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, March 2, 2013, 21:42

comments powered by Disqus