Last Updated: Thursday, March 21, 2013, 18:30

नई दिल्ली: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंटरनेट को ‘‘खेल बदलने वाला’’ बताते हुए गुरुवार को कहा कि राजनीतिकों को सुशासन, जवाबदेही, पारदर्शिता और जनता तक पहुंच बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करना चाहिए ।
मोदी ने गूगल द्वारा आयोजित वीडियो-कांफ्रेन्सिंग के जरिए कहा कि इंटरनेट खेल बदलने वाला माध्यम है। आम आदमी अब नीति निर्धारण प्रक्रिया से सीधे जुड़ सकता है। इंटरनेट के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि इसने जनता को सशक्त कर दिया है और नेताओं तथा सरकार के साथ संवाद को दो-तरफा बना दिया है।
भाजपा नेता ने कहा, इससे पहले राजनीतिक अपने विचारों की एकतरफा जनता पर ‘बमबारी’ करते थे लेकिन अब यह दो तरफा बात हो गई है।
मोदी ने कहा कि नागरिकों का अब सीधा संवाद स्थापित हो गया है। पहले यह पांच साल में एक बार या उससे पहले चुनाव होने पर ही होता था। इंटरनेट ने वास्तव में नागरिकों का सशक्तीकरण कर दिया है।
उन्होंने कहा 21वीं सदी के अशिक्षित वे लोग कहलाएंगे जो समय के साथ उभरती नयी प्रौद्योगिकी और ज्ञान को नहीं अपनाएंगे। ..और यह बात राजनीतिकों पर और भी अधिक लागू होती है। भारत जैसे विशाल लोकतंत्र के लिए प्रौद्योगिकी और भी जरूरी है।
गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी अपने आप में न तो अच्छी होती और न ही बुरी। यह इस बात पर निर्भर करता है कि हम उसका उपयोग कैसे करते हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 21, 2013, 18:30