गडकरी ने विदर्भ राज्य पर सभी दलों से मांगा सहयोग

गडकरी ने विदर्भ राज्य पर सभी दलों से मांगा सहयोग

नागपुर : पूर्व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र से अलग विदर्भ राज्य का गठन करने के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों से समर्थन की अपील की है। विदर्भ आर्थिक विकास परिषद द्वारा आयोजित एक सर्वदलीय बैठक को कल रात संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, यदि सभी दल साथ आ जाते हैं तो कोई विदर्भ को अलग राज्य बनने से नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि यदि संसद में विदर्भ को अलग राज्य बनाने का प्रस्ताव लाया जाता है तो भाजपा इसका समर्थन करेगी।

भाजपा की महाराष्ट्र ईकाई के अध्यक्ष देवेन्द्र फडनवीस ने कहा कि वह विदर्भ राज्य के मुद्दे का समर्थन करने के लिए विधायक पद से त्यागपत्र तक दे देंगे। उन्होंने कहा, लेकिन इस्तीफा देने का सही समय अभी नहीं आया है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और महाराष्ट्र के मंत्री नितिन राउत ने कहा कि विदर्भ के सभी राजनीतिक दलों को प्रदेश के लिए अलग राज्य की मांग पर दबाव बनाना चाहिए। इस बैठक में भाजपा , कांग्रेस और रांकपा समेत कई अन्य दलों के नेताओं ने भी भाग लिया। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 29, 2013, 16:44

comments powered by Disqus