गडकरी पर वैद्य के विचार व्यक्तिगत : वेंकैया

गडकरी पर वैद्य के विचार व्यक्तिगत : वेंकैया

भोपाल : भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू ने इन खबरों को गलत बताया है कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी को आंतरिक षड्यंत्र के तहत हटाया गया है। वेंकैया नायडू ने आज यहां एक दिवसीय प्रवास के दौरान प्रेस से बातचीत में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के एम.जी. वैद्य के बयान पर प्रतिक्रिया में कहा कि इस प्रकार के विचार वैद्य के व्यक्तिगत विचार हो सकते हैं और इनसे भाजपा को कोई लेना देना नहीं है।

नायडू ने कहा कि भाजपा ने गडकरी को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाए जाने की कोई साजिश नहीं की तथा राजनाथ सिंह को अध्यक्ष बनाए जाने के लिए सभी ने मिलकर निर्णय किया था जिसमें गडकरी की भी सहमति थी। एक प्रश्न के उत्तर में वैद्य के विचारों को उनके व्यक्तिगत विचार बताते हुए नायडू ने कहा कि उनके विचार राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के भी नहीं हैं क्योंकि वे संघ के प्रवक्ता नहीं हैं।

भाजपा में किसी प्रकार की गुटबाजी से इंकार करते हुए नायडू ने कहा कि भाजपा में सभी से विचार विमर्श कर निर्णय किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी कांग्रेस की तरह नहीं है जहां एक ही परिवार की चलती है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 31, 2013, 13:20

comments powered by Disqus