गहलोत सरकार में छह नए मंत्री शामिल - Zee News हिंदी

गहलोत सरकार में छह नए मंत्री शामिल

ज़ी न्यूज ब्यूरो
जयपुर :  राजस्थान के राज्यपाल शिवराज पाटिल ने बुधवार को राजभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में गहलोत सरकार के छह नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। अशोक बैरवा को कैबिनेट तथा वीरेन्द्र बेनीवाल, अमीन खां, दया राम परमार को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और मंजू मेधवाल, नमीम अख्तर तथा विनोद चौधरी को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार देर रात अपनी नई टीम की घोषणा कर दी थी। इस टीम में एक कैबिनेट मंत्री मास्टर भंवरलाल और 5 राज्यमंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया, जबकि 6 नए चेहरों को मौका देकर अपनी सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा बदलने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि 10 जनपथ गहलोत की नई टीम पर पहले ही मुहर लगा चुका था।

 

जिन छह मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है, उनमें रामलाल जाट और शिक्षा मंत्री भंवरलाल मेघवाल का नाम भी शामिल है। वन और पर्यावरण राज्य मंत्री जाट ने एक महिला से कथित संबंध के आरोप के बाद इस पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं मेघवाल ने कथित तौर पर महिला और मोटर गैराज मंत्री भरोसीलाल जाटव के खिलाफ गलत प्रतिक्रिया दी थी।

 

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जाट ने अपना इस्तीफा गत शनिवार को दिया था, जिसे गहलोत ने स्वीकार कर लिया। मंत्रिपरिषद् से बाहर रहने वाले मंत्रियों में गोलमा देवी और प्रमोद जैन भाया का नाम भी शामिल है।
नई टीम में सूचना और जनसंपर्क मंत्री अशोक भरवा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है, जबकि वीरेंद्र बेनीवाल, अमीन खान और दयाराम परमार को स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्यमंत्री बनाया गया है। तीन नए राज्यमंत्रियों के तौर पर मंजू मेघवाल, नसीम अख्तर और विनोद चौधरी का नाम शामिल किया गया है। कांग्रेस के मुख्य सचेतक रघु शर्मा को कैबिनेट मंत्री का और उप सचेतक रतन देवासी को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है।

 

इससे पहले मंगलवार को गहलोत ने अपने सभी मंत्रियों के इस्तीफे ले लिए थे, ताकि मंत्रिमंडल का पुनर्गठन किया जा सके। हालांकि गृह मंत्री शांतिलाल धालीवाल अपना पद बनाए रखने में सफल रहे हैं। उनका मंत्रालय बदल सकता है। धालीवाल गोपालगढ़ में बलवाइयों पर गोलीबारी में 10 लोगों के मारे जाने के बाद विवादों में आ गए थे।

First Published: Wednesday, November 16, 2011, 21:44

comments powered by Disqus