गीतिका केस: कांडा के आवास, फार्महाउस पर छापे

गीतिका केस: कांडा के आवास, फार्महाउस पर छापे

गीतिका केस: कांडा के आवास, फार्महाउस पर छापे
गुड़गांव : दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को हरियाणा के पूर्व गृह राज्यमंत्री गोपाल गोयल कांडा के आवास और फार्महाउस पर छापेमारी की। उनके खिलाफ 23 वर्षीया पूर्व विमान परिचारिका गीतिका शर्मा को खुदकुशी के लिए बाध्य करने का मामला दर्ज है। तलाशी के दौरान पुलिस ने कुछ कागजात, लैपटॉप और सीडी बरामद की। दिल्ली पुलिस ने सिविल लाइंस स्थित कांडा के आवास की एक घंटे तक तलाशी ली। इसके बाद उनके फार्महाउस पर छापेमारी की।

एक निरीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी के लिए गई टीम ने कुछ कागजात और सीडी को अपने कब्जे में लिया। छापेमारी के दौरान कांडा के कई समर्थक और हरियाणा पुलिस के कर्मी उनके आवास पर जुटे हुए थे। चार सदस्यीय पुलिस टीम ने कांडा के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए। इस टीम में एक महिला कांस्टेबल भी थी, लेकिन उसने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। टीम के सदस्यों को कांडा के आवास से कुछ फाइलें बाहर ले जाते देखा गया।

एक सूत्र ने बताया कि कांडा के फार्म हाउस से एक लैपटॉप और कुछ कम्यूटर सीडी को कब्जे में लिया गया। वहीं, कांडा के करीबी सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम एक नोटिस देने आई थी।

ज्ञात हो कि बंद हो चुकी एमडीएलआर एयरलाइंस की पूर्व विमान परिचारिका गीतिका शर्मा ने रविवार को उत्तरी दिल्ली के अशोक विहार स्थित अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। सुसाइड नोट में उसने इतना बड़ा कदम उठाने के लिए कांडा को जिम्मेदार ठहराया है।

कांडा अक्टूबर 2009 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा के सिरसा से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्हें बाद में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया था। प्रॉपर्टी डीलर से राजनेता बने कांडा करोड़पति हैं। वह कभी पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता ओमप्रकाश चौटाला के करीबी माने जाते थे, लेकिन बाद में कांडा ने उनसे दूरी बना ली। गीतिका ने सुसाइड नोट में कांडा की सहयोगी अरुणा चड्ढा को भी जिम्मेदार ठहराया है। इस बीच, अरुणा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उसे दिल्ली पुलिस का एक नोटिस मिला है। उसे बुधवार से शुरू हो रही जांच में सहयोग देने के लिए कहा गया है।

उधर, गोपाल कांडा के खिलाफ उनकी एक पूर्व कर्मचारी गीतिका शर्मा की आत्महत्या के मामले में धमकाने का एक नया आरोप लगाया गया है। गीतिका शर्मा ने अपने सुसाइड नोट में कांडा पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा से उनकी पूर्व कर्मचारी गीतिका शर्मा की आत्महत्या के मामले में उन्हें कल पेश होने के लिए कहा है। उनके खिलाफ धमकाने का एक नया आरोप लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि अभी तक कांडा के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं वह अपनी एक पूर्व महिला कर्मचारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी हैं। साथ ही पुलिस ने कांडा के दो कर्मचारियों को जांच में मदद के लिए नोटिस जारी किया है।

कांडा की अब बंद हो चुकी एयरलाइंस एमडीएलआर की पूर्व एयर होस्टेस 23 वर्षीय गीतिका शर्मा ने रविवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में गीतिका ने कांडा और एमडीएलआर की अधिकारी अरूणा चड्ढा पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, August 7, 2012, 22:31

comments powered by Disqus