गुरु पूर्णिमा पर्व पर ब्रज में उमड़ा भक्तों का सैलाब

गुरु पूर्णिमा पर्व पर ब्रज में उमड़ा भक्तों का सैलाब

मथुरा : गुरु पूर्णिमा के पावन पर आज ब्रज में देश-विदेश से लाखों की संख्या में अनुयायी ब्रज के मठ-मंदिरों व आश्रमों में उमड़ पड़े। जिससे मथुरा, वृंदावन, नंदगांव, बरसाना, गोकुल तथा गोवर्धन के चप्पे चप्पे में भक्तों की भीड दिखायी दी। हिन्दू समाज की परंपराओं के अनुसार आषाढ़ मास की पूर्णिमा के अवसर पर महाभारत के रचयिता महर्षि वेदव्यास का जन्म होने के कारण इसे गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है।

मथुरा-वृंदावन आदि ब्रज की सभी धर्म नगरियों में हर संप्रदाय के अनुयायियों की धूम मची रही। मंदिरों में विशेष पूजा एवं भोग-भण्डारों का आयोजन किया गया। बांके बिहारी मंदिर के सेवायत आचार्य गोपी गोस्वामी का कहना है कि इस अवसर पर अपने अपने गुरूओं की पूजा सेवा के लिये लोग दूर दूर से यहां आये।

इस मौके पर सबसे अधिक श्रद्धालु मथुरा से 25 किमी दूर गोवर्धन कस्बे में स्थित गिरिराज पर्वत की सप्तकोसीय परिक्रमा लगाने के लिए पहुंचे। ब्रज में मुड़िया मेले के नाम से प्रसिद्घ गुरु पूर्णिमा पर्व के लिए जिला प्रशासन द्वारा अनेक व्यवस्थाएं की गई हैं। बेहतर परिवहन के अलावा सुरक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, मार्ग प्रकाश, पेयजल, सफाई एवं जन सुविधाओं आदि के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 22, 2013, 18:50

comments powered by Disqus