गैंगरेप की शिकार लड़की की अस्थियां गंगा में प्रवाहित

गैंगरेप की शिकार लड़की की अस्थियां गंगा में प्रवाहित

बलिया: दिल्ली में चलती बस में वहशियाना दरिंदगी की शिकार हुई लड़की की अस्थियां मंगलवार को गंगा में प्रवाहित कर दी गयीं। गांव की इस बेटी के आखिरी दर्शन से महरूम हुए उसके रिश्तेदारों तथा अन्य ग्रामीणों ने उसके अवशेषों की अंतिम यात्रा में शिरकत की।

महिलाओं के करुण क्रंदन के बीच सैकड़ों लोग अस्थिकलश यात्रा में शामिल हुए। खासी भीड़ होने और घर-घर के सामने रुकने की वजह से भरौली घाट तक का आठ किलोमीटर का सफर तय करने में तीन घंटे से ज्यादा का वक्त लग गया।

घाट पर पहुंचने पर विसर्जन पूर्व रस्में अदा की गयीं। उसके बाद लड़की के परिजन तथा क्षेत्रीय विधायक उपेन्द्र तिवारी स्टीमर में बैठे और गंगा की बीच धारा में अस्थियां विसर्जित कर दीं। यह रस्म अदा करते वक्त लड़की के पिता और दोनों भाइयों की आंखों से बरसे आंसुओं ने नदी किनारे खड़े ग्रामीणों को भी द्रवित कर दिया।

गौरतलब है कि दिल्ली में गत 16 दिसम्बर को चलती बस में सामूहिक बलात्कार की शिकार हुई लड़की की पिछले शनिवार को सिंगापुर के अस्पताल में मृत्यु हो गयी थी। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 1, 2013, 14:25

comments powered by Disqus