गैंगरेप मामले में चार लोग हिरासत में

गैंगरेप मामले में चार लोग हिरासत में

गैंगरेप मामले में चार लोग हिरासत में   नई दिल्ली: दिल्ली में रविवार रात चलती बस में एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के सम्बंध में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमने चार लोगों को हिरासत में लिया है और दो बसों को जब्त किया है।

यह घटना रविवार रात उस वक्त हुई जब पेरा-मेडिकल की एक छात्रा फिल्म देखने के बाद अपने मित्र के साथ बस में सवार होकर मुनीरका से द्वारका जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक लड़की के बस में बैठते ही लगभग पांच से सात यात्रियों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उस बस में और यात्री नहीं थे।

लड़की के मित्र ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

आरोपियों ने लड़की और उसके मित्र को दक्षिण दिल्ली के महिपालपुर के नजदीक वसंत विहार इलाके में बस से फेंक दिया।

दोनों पीड़ितों को पुलिस की जीप से सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक लड़की की हालत नाजुक है। जबकि उसके मित्र को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और पुलिस ने उसका बयान ले कर मामला दर्ज कर दिया है।

लड़के के चाचा ने कहा, "पांच से सात लोगों ने इन दोनों पर हमला किया। जब मेरे भतीजे ने लड़की को बचाने की कोशिश की, उसे लोहे के छड़ से पीटा गया और लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।"

इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने कहा कि है कि वह दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से इस मामले पर बात करेंगी।

शर्मा ने कहा, "हम मुख्यमंत्री से मामले पर बात करेंगे, इस मामले का संज्ञान लेंगे और इसकी जांच करेंगे तथा साथ-साथ पुलिस की जांच पर भी नजर रखेंगे।"

उन्होंने कहा, "राजधानी में ऐसी घटनाएं सरकार और पुलिस की अनदेखी के वजह से बढ़ रही हैं। अगर मुनीरका जैसे घनी आबादी वाले इलाके में ऐसी घटना घट जाती है तो इसका मतलब है कि पुलिस सतर्क नहीं है।" शर्मा के मुताबिक लड़की का मित्र भी आरोपियों के साथ शामिल हो सकता है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "न तो गृह मंत्रालय न ही दिल्ली पुलिस इस तरह की घटनाओं की जांच कर पाने के योग्य है जो कि दिनों दिन बढ़ती जा रही हैं।"

उन्होंने कहा, "दिल्ली सरकार दिल्ली की कानून व्यवस्था के साथ बेहद गैरजिम्मेराना तरीके से निपट रही है।" (एजेंसी)

First Published: Monday, December 17, 2012, 13:39

comments powered by Disqus