Last Updated: Monday, April 8, 2013, 18:20
पणजी : बिना हेलमेट पहने अपनी मोटरसाइकिलें लेकर गोवा विधानसभा परिसर पहुंचे छह विधायकों को दंडित किया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने सोमवार को सदन को बताया कि यह घटना गत शुक्रवार को हुई।
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान उठाए गए एक सवाल का जवाब देते हुए पर्रिकर ने कहा कि उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन कर चुनौती दी। जुर्माने के रुपये सरकार के कोष में डाले गए। मैं नहीं जानता कि उनसे कितनी रकम वसूली गई। लेकिन इतना तो तय है कि हेलमेट मुद्दे पर लिए गए इस फैसले का लोगों में सकारात्मक संदेश गया है।
इससे पहले, एक समाचार पत्र में एक तस्वीर प्रकाशित हुई जिसमें एक कैबिनेट मंत्री बगैर हेलमेट पहने मोटरसाइकिल चलाते देखे गए थे। पर्रिकर ने खुलेआम कानून तोड़ने वाले अपने विधायकों को फटकार भी लगाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्हें कानून का पालन करना चाहिए। कानून तोड़ने का किसी को अधिकार नहीं है। उनकी इस गलती के लिए उन्हें जुर्माना भरना पड़ा। उन्होंने विधायकों से कहा कि लोगों ने आपको चुना है, क्योंकि आप लोग समझ रखते हैं। आप अपने सिर का ख्याल रखें।
जिन छह विधायकों को आर्थिक दंड दिया गया, उनमें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्लोस अल्मेडा, प्रमोद सावंत और ग्लेन टिकलो भी शामिल हैं। इनके अलावा रोहन खौनटे एवं अवर्टानो फुरटाडो (दोनों निर्दलीय) तथा मिक्की पचेको (गोवा विकास पार्टी) को भी दंडित किया गया। ये विधायक बजट सत्र में भाग लेने के लिए अपनी एनफील्ड बुलेट पर सवार होकर गोवा विधानसभा परिसर पहुंचे थे। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 8, 2013, 18:20