Last Updated: Wednesday, April 24, 2013, 15:22
पणजी : गोवा सरकार ने समुद्री बीचों पर कूड़ा-कचरा और महिलाओं को होने वाली परेशानी रोकने के लिए वहां शराब पीने पर पाबंदी लगा दी है। गोवा के पर्यटन निदेशक निखिल देसाई ने बताया कि समुद्र किनारे बनी झोपड़ियों जैसे निश्चित स्थानों पर लोग मदिरापान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘गोवा पर्यटक स्थल (संरक्षण और देखरेख) अधिनियम के तहत पाबंदी लगाई गयी है जो राज्य सरकार को पर्यटन क्षेत्रों में उपद्रवी गतिविधियों को रोकने का अधिकार देता है। अधिनियम में पर्यटन स्थलों को नुकसान से बचाने और उनकी देखरेख तथा पर्यटन क्षमता को बनाये रखने पर ध्यान दिया गया है।’ तटीय क्षेत्रों में कानून व्यवस्था का काम देख रही गोवा पुलिस की इंडिया रिजर्व बटालियन से तत्काल प्रभाव से आदेश को लागू करने को कहा गया है।
देसाई ने कहा कि उल्लंघन करने वालों को गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि लाइसेंसी शेकों (झोपड़ियों) या खुदरा शराब बिक्री वाले अन्य किसी स्थान पर शराब पीने पर कोई निषेधाज्ञा नहीं है। फेंकी गयी टूटी फूटी बोतलों से पर्यटकों को चोट लगने, बीच पर गंदगी और महिलाओं को परेशान करने की शिकायतें किये जाने के बाद प्रतिबंध लगाया गया है। गोवा में हर साल करीब 24 लाख पर्यटक घूमने आते हैं जिनमें से अधिकतर घरेलू पर्यटक हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 24, 2013, 15:22