चंडीगढ़ में पुलिस निरीक्षक की चाकू मारकर हत्या

चंडीगढ़ में पुलिस निरीक्षक की चाकू मारकर हत्या

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में शनिवार तड़के एक युवक ने एक पुलिस निरीक्षक की चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि घायल पुलिस निरीक्षक सुचा सिंह को यहां शनिवार सुबह पोस्ट-ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

यह घटना शहर के बीचोंबीच स्थित सेक्टर 17 के पुलिस थाने से केवल कुछ मीटर की दूरी पर हुई। अज्ञात युवक ने हमले में एक पुलिस कांस्टेबल को भी घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस जिप्सी में सवार निरीक्षक ने शनिवार तड़के करीब तीन बजे युवक को जिला अदालत परिसर के पास रोका था।

उसे वाहन में नजदीक के पुलिस थाने ले जाया जा रहा था, तभी उसने तेज धारदार हथियार से निरीक्षक पर हमला कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि युवक हमला करने के बाद पुलिस की जिप्सी ले उड़ा। जिप्सी बाद में चंडीगढ़ के बाहरी इलाके में धानास गांव के नजदीक मिली।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "हम घटना का कारण जानने के लिए कई दृष्टिकोणों के साथ जांच कर रहे हैं।"सुचा सिंह चंडीगढ़ पुलिस की परिवहन इकाई में पदस्थ थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 8, 2013, 15:31

comments powered by Disqus