चक्रवात से अब तक 47 लोगों की मौत - Zee News हिंदी

चक्रवात से अब तक 47 लोगों की मौत




कुड्डालूर (तमिलनाडु) : चक्रवात प्रभावित तमिलनाडु के कुड्डालूर जिले और पुडुचेरी के कई इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य जोर पकड़ चुका है। अधिकतर बड़ी सड़कों के साफ होने से यातायात सामान्य तौर पर बहाल हो गया है। चक्रवात से मरने वालों की संख्या 47 हो गई है।

 

बीते शुक्रवार को यहां के चक्रवात ‘ठाणे’ से तटीय इलाकों में तबाही हुई थी। पेड़ गिरने से कई बड़ी सड़कों पर यातायात बाधित हो गया था। कई स्थानों पर दीवारें ढह गई थी।

 

कुड्डालूर के जिला अधिकारी वी. अमूधवल्ली ने कहा है कि इस जिले में चक्रवात से मरने वालों की संख्या 31 हो गई है। इसमें 10 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। तमिलनाडु में 40 और पुडुचेरी में सात लोगों की मौत हुई है।
केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने खराब मौसम के कारण प्रभावित इलाकों का दौरा करने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया। अब वह मंगलवार को चक्रवात प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। पीएमओ में राज्य मंत्री वी. नारायणसामी ने यह जानकारी दी है।

 

कुड्डालूर और पुडुचेरी के सरकारी इमारतों, स्कूलों और बारात घरों में अब भी 18,000 से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि कुड्डालूर जिले में 90 फीसदी प्रभावित सड़के पर यातायात बहाल हो गया है।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने चक्रवात ‘ठाणे’ के कारण जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। तमिलनाडु के राज्यपाल के रोजैया को 31 दिसंबर को लिखे पत्र में राष्ट्रपति ने कहा, चक्रवात ठाणे के कारण तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में जानमाल को हुए भारी नुकसान के बारे जानकर मुझे काफी दुख हुआ है।

 

उन्होंने कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि सरकार उन परिवारों की मदद के लिए सभी प्रयास करेगी जिनके सगे संबंधी इस आपदा में मारे गए है या जिनकी सम्पत्ति को नुकसान हुआ है।  (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 1, 2012, 20:49

comments powered by Disqus