चरणदास महंत बने छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष

चरणदास महंत बने छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रमुख बनाया गया। दो माह पहले राज्य में माओवादियों के हमले में कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व का एक तरह से सफाया हो जाने के बाद, चुनाव पूर्व यह पार्टी का पुनर्गठन है। भाजपा शासित छत्तीसगढ़ में इसी साल चुनाव होने हैं।

पार्टी ने अपनी समन्वय समिति और प्रदेश निर्वाचन समिति भी बनाई है। इसके अलावा पांच प्रवक्ताओं की नियुक्ति तथा एक समर्पित सोशल मीडिया और रिसर्च विभाग भी तैयार किया गया। इस प्रकार देश भर में पार्टी की संचार प्रणाली को नया रूप देने में जुटे राहुल गांधी की इस व्यवस्था की शुरूआत छत्तीसगढ़ से हुई।

कांग्रेस महासचिव और संगठन मामलों के प्रभारी जनार्दन द्विवेदी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है ‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस समिति, प्रदेश निर्वाचन समिति, समन्वय समिति के पुनर्गठन और अन्य नियुक्तियों के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।’

पार्टी के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा और अजीत जोगी को छह सदस्यीय समन्वय समिति का सदस्य बनाया गया है। समिति में राज्य मामलों के प्रभारी कांग्रेस महासचिव बी के हरिप्रसाद, महंत, कांग्रेस विधायक दल के नेता रवीन्द्र चौबे और राज्य प्रभारी कांग्रेस सचिव तथा पार्टी प्रवक्ता भक्तचरण दास भी सदस्य हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, July 28, 2013, 00:05

comments powered by Disqus