जगन की भूख हड़ताल जेल में जारी

जगन की भूख हड़ताल जेल में जारी

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश के विभाजन का विरोध कर रहे वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष वाईएस जगनमोहन रेड्डी का जेल में भूख हड़ताल का गुरुवार को पांचवां दिन है। चंचलगुडा केंद्रीय जेल के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने भोजन लेने से इंकार कर दिया। चिकित्सकों ने कहा कि उनका ग्लूकोज का स्तर नीचे आ गया है। बहरहाल रक्तचाप और शुगर सामान्य है।

कड़प्पा से सांसद जगन यदि अपनी भूख हड़ताल आगे भी जारी रखते हैं तो जेल के अधिकारी उनको बलपूर्वक खाना खिला सकते हैं। जेल के कानूनों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।

जेल अधिकारियों का कहना है कि जगन ने बिना लिखित सूचना के जेल में भूख हड़ताल शुरू की है। जेल अधिकारियों ने बुधवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अदालत को जगन की भूख हड़ताल के बारे में सूचित किया था। ट्रायल कोर्ट ने जगन को विशेष श्रेणी के कैदी का दर्जा दिया है। जानकार सूत्रों के अनुसार जगन इस श्रेणी के तहत प्राप्त विशेषाधिकारों को गवां सकते हैं।

जगन मई 2012 से ही भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में बंद हैं। बहरहाल पुलिस ने जेल के पास एकत्र वाईएसआर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया जो अपने नेता के साथ एकजुटता दिखाने पहुंचे थे। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 29, 2013, 21:04

comments powered by Disqus