Last Updated: Monday, April 1, 2013, 22:07
पटना : बिहार में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) में शामिल होने का न्योता दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि आम चुनाव से पहले देश में धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक ताकतों को मजबूत करने के लिए जद-यू को संप्रग से हाथ मिलाना चाहिए।
कांग्रेस की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह ने यहां पत्रकारों से कहा कि जद-यू एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। उसके लिए यह वक्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक ताकतों को मजबूत करने के लिए कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग में शामिल होने का है।
उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि जद-यू लंबे समय तक राजग के साथ नहीं रहेगी। आज नहीं तो कल यह पार्टी राजग को अलविदा कहने के लिए मजबूर होगी। जद-यू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कांग्रेस नेता के न्योता को ठुकराया नहीं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कुछ कहना अभी जल्दबाजी होगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 1, 2013, 22:07