Last Updated: Tuesday, July 10, 2012, 14:49
पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि राजग में भाजपा अपने गठबंधन का पालन करते हुए अपने सहयोगी दल जदयू के नेताओं को भगवा पार्टी का सदस्य नहीं बनाएगी।
भाजपा नेता संजय झा के जदयू में जाने और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी ठाकुर की प्रतिक्रिया के संबंध में संवाददाताओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए मोदी ने कहा कि गठबंधन की एक मान्य परंपरा है कि इसमें एक दल अपने यहां दूसरे सहयोगी दल के सदस्य को पार्टी में शामिल नहीं करते हैं।
गठबंधन की पार्टियों को इस संबंध में लक्ष्मण रेखा पार नहीं करनी चाहिए। भाजपा अपने गठबंधन धर्म का पालन करेगी और इस लक्ष्मण रेखा को पार नहीं करेगी। उल्लेखनीय है कि संजय झा के जदयू में जाने के बाद ठाकुर ने कहा था कि जदयू के भी कुछ सदस्य भाजपा के संपर्क में हैं। इस बयान को लेकर राजनीति का बाजार गर्मा गया था। राजग गठबंधन के भीतर दोनों दल के नेतागण बयानबाजी कर रहे हैं।
हालांकि मोदी ने कहा कि सीपी ठाकुर ने भी गठबंधन धर्म का पालन करने की बात कही है। जनता दरबार से इतर संवाददाताओं से उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संजय झा का मामला अपवाद मामला था। अपवाद मामले सामान्य विषय नहीं हो सकते हैं। झा ने जदयू की सदस्यता ग्रहण करने के संबंध में पार्टी के भीतर पहले ही सूचना दी थी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, July 10, 2012, 14:49