जहाज-नौका की टक्कर: एक और शव बरामद - Zee News हिंदी

जहाज-नौका की टक्कर: एक और शव बरामद

कोच्चि : नौसेना के गोताखोरों ने उन तीन मछुआरों में से एक का शव बरामद कर लिया जो अलपुझा तट पर अपनी नौका के एक व्यापारिक जहाज से टकराने के बाद से लापता थे। इस घटना में दो मछुआरों की मौत हो गई थी।

 

नौसेना के सूत्रों ने यहां बताया कि डूबी हुई नौका से बरामद शव को स्थानीय मछुआरों को सौंप दिया गया है। दो अन्य शवों का पता लगाने के लिए तलाश की जा रही है।

 

गोताखोरों ने कल रात मछली पकड़ने वाली नौका ‘डॉन-1’ के ध्वंसावशेष का पता लगाया। दक्षिण नौसेना कमान से नौसेना के गोताखोरों का दस सदस्यीय दल यहां पहुंचा और समुद्र से 47 मीटर की गहराई पर नौका के ध्वंसावशेष का पता लगाया। नौका की केबिन क्षतिग्रस्त पाई गई और घटनास्थल पर ईंधन का रिसाव देखा गया।

 

गत एक मार्च को तड़के हुई इस दुर्घटना ने कोल्लम जिले के नीनदाकारा के मछुआरा समुदाय को स्तब्ध कर दिया था क्योंकि यह घटना इतालवी जहाज एनरिका लेक्सी पर सवार सुरक्षा गाडरें द्वारा दो भारतीय मछुआरों की हत्या किए जाने के दो हफ्ते के भीतर हुई थी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, March 4, 2012, 14:25

comments powered by Disqus