Last Updated: Thursday, November 8, 2012, 00:00
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोचंडीगढ़ : `ज़ी पंजाबी अनहद सम्मान` में पंजाबी हस्तियों और विभिन्न क्षेत्रों में अपने काम के ज़रिए समाज की तस्वीर बदलने वाले लोगों को सम्मानित किए जाने के मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल बेहद भावुक हो गए। उन्होंने चंडीगढ़ में हुए इस कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि ज़ी पंजाबी ने इन लोगों को सम्मानित करके एक ऐसे जौहरी की भूमिका अदा की है, जो हीरों की परख करना जानता है। बादल ने इस मौके पर लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका का जिक्र किया और सकारात्मक सोच अपनाए जाने की जरूरत पर जोर दिया।
`ज़ी पंजाबी अनहद सम्मान` ज़ी न्यूज़ लिमिटेड की उस कड़ी का हिस्सा है, जिसके तहत देश की सुरक्षा, समाज सेवा, खेल, पर्यावरण, साहित्य जैसे क्षेत्रों में अहम योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया जाता है। `ज़ी पंजाबी अनहद सम्मान` जिन 12 पंजाबी शख्सियतों को दिया गया उनमें ज्ञानपीठ से सुशोभित प्रख्यात साहित्यकार प्रो. गुरदयाल सिंह, अदाकारा ज़ोहरा सहगल, पद्म श्री संत सेवा सिंह, दृष्टिविहीन गतका खिलाड़ी रशपाल कौर, सीमा सुरक्षा बल के कमांडेट डी.एस. बराड़, एस.पी. सिंह ओबराय, उद्योगपति ओ.पी. मुंजाल, बीबी अमरजीत कौर और कैप्टन जी. एस. कंग शामिल रहे। कार्यक्रम के बेहद भावुक लम्हों में से एक लम्हा वो था जब प्रख्यात हास्य कलाकार और फिल्मकार जसपाल भट्टी को सम्मान दिया गया। भट्टी की हाल ही में सड़क हादसे में मौत हो गई थी और इस सम्मान को लेने के लिए उनकी धर्मपत्नी सविता भट्टी दोनों बच्चों के साथ आईं थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए ज़ी न्यूज़ लिमिटेड के सीईओ आलोक अग्रवाल ने कहा कि एक ज़िम्मेदार मीडिया ग्रुप होने के नाते हमारी हमेशा कोशिश रही है कि समाज के लिए काम करने वाले लोगों और विरसे को संभालने में अहम भूमिका निभाने वाली शख्सियतों को सम्मान दिए जाएं। पांच साल पहले शुरू हुए इस सिलसिले को जारी रखा जाएगा। इस मौके पर धन्यवाद संबोधन में ज़ी पंजाबी के संपादक संजय वोहरा ने कहा कि चैनल का मकसद सिर्फ ख़बर देना नहीं है। ज़ी नेटवर्क के सोच के जज़्बे के तहत ज़ी पंजाबी ने नई टैगलाइन अपनाई है, “ख़बर भी, ख़्याल भी” यानी हमारा फर्ज़ ख़बर देने के साथ समाज का ख़्याल रखना भी है और ज़ी पंजाबी अनहद सम्मान जैसे कार्यक्रम इसी मकसद का हिस्सा है।
चंडीगढ़ के होटल माउंट व्यू में संपन्न हुए इस आयोजन में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री मदन मोहन मित्तल, विधायक दलजीत सिंह चीमा, गुरकीरत सिंह कोटली, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार हरचरण सिंह बैंस, विशेष सचिव गगनदीप सिंह बराड़, पंजाब विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक ग्रोवर, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस के.के. करीर, पंजाब पुलिस के महानिदेशक (सतर्कता) सुरेश अरोड़ा, महानिरीक्षक जगदीश मित्तल और खाद्य सचिव डी.एस. ग्रेवाल खास तौर पर उपस्थित रहे।
First Published: Wednesday, November 7, 2012, 17:44