जांच में सहयोग देंगे: इटली राजदूत - Zee News हिंदी

जांच में सहयोग देंगे: इटली राजदूत



नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: इटली के राजदूत ने अपने देश के मालवाहक जहाज से हुई गोलीबारी की घटना की जांच में सहयोग करने का भरोसा दिया है, जिसमें दो भारतीय मछुआरे मारे गए।

 

केंद्र सरकार ने इससे पहले राजदूत को तलब कर घटना पर रोष जताते हुए यह सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि जहाज का कप्तान जांच में स्थानीय पुलिस के साथ सहयोग करे। इटली का हालांकि कहना है कि उसके मालवाहक जहाज 'एनरिका लेक्सी' के सुरक्षा कर्मियों ने अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में भारतीय मछुआरों की नौका से हमले के बाद गोली चलाई।

 

यह घटना बुधवार शाम की है, जब केरल में अलापुझा तट से 14 समुद्री मील दूर मछुआरों की नौका को समुद्री लुटेरों की नौका समझकर इटली के जहाज के सुरक्षा कर्मियों ने गोली चला दी थी। इस घटना में दो मछुआरों की मौत हो गई, जिनमें से एक केरल और दूसरा तमिलनाडु से था।

 

विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) एम. गणपति ने इटली के राजदूत गियाकोमो सैनफेलिस डी मोंटफोर्ट से मुलाकात कर उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि जहाज के कप्तान जांच में भारतीय अधिकारियों का सहयोग करें।

 

इटली के राजदूत ने भरोसा दिलाया कि कप्तान जांच में कोच्चि पुलिस को सहयोग करेंगे। इटली के दूतावास का हालांकि कहना है कि उसने आत्मरक्षा में गोली चलाई, क्योंकि पहले उस पर गोली चलाई गई। जहाज फिलहाल कोच्चि तट पर खड़ा है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने इस सिलसिले में इसके अधिकारियों को तलब किया है।

 

उधर, केरल सरकार ने इटली के जहाज से हुई गोलीबारी में मारे गए दो मछुआरों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने का निर्णय लिया।राज्य के मत्स्य पालन मंत्री के. बाबू ने आईएएनएस से कहा कि यह देखना बाकी है कि मामले का निपटान कैसे किया जाता है।

 

मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने गृह विभाग से इस सिलसिले में मामला दर्ज करने को कहा। मछुआरे एक सप्ताह पहले कोल्लम से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में उतरे थे। नौका के मालिक फ्रेड्डी भी उसमें मौजूद थे। उन्होंने बताया कि घटना बुधवार शाम 4.30 बजे की है। नौका में 11 लोग सवार थे।

 

फ्रेड्डी तमिलनाडु से हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, गोलीबारी में मारे गए दो मछुआरों के अतिरिक्त सभी नौ मछुआरे घटना के वक्त सो रहे थे। गोलीबारी की आवाज सुनकर मैं जाग गया। मैंने दो मछुआरों को खून से लथपथ पाया। मेरे शोर मचाने पर अन्य मछुआरे भी जाग गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी। दोनों मृतक मछुआरों के शव मेडिकल कॉलेज हॉस्पीटल में पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।  (एजेंसी)

First Published: Thursday, February 16, 2012, 21:23

comments powered by Disqus