झारखंड का समझौता बिहार में लागू नहीं हो सकता

झारखंड का समझौता बिहार में लागू नहीं हो सकता

दरभंगा : कांग्रेस के महासचिव शकील अहमद ने कहा कि झारखंड में सरकार बनाने के लिए उनकी पार्टी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) को अपना समर्थन दिया है पर अपने साथ किसी अन्य दल को जोडे जाने का निर्णय उस दल का अपना निर्णय है।

अहमद ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि झारखंड में सरकार बनाने के लिए उनकी पार्टी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा को अपना समर्थन दिया है पर सरकार बनाने में किसी अन्य दल को जोडने का निर्णय जेएमएम का अपना निर्णय है। उन्होंने कहा कि झारखंड में हुआ समझौता केवल उस राज्य के लिए है और उसे बिहार में लागू नहीं किया जा सकता।

राजद सूत्रों ने नाम का खुलासा नहीं किए जाने की शर्त पर बताया कि झारखंड में सरकार बनाने के मुद्दे पर बातचीत के दौरान राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद ने कांग्रेस से बिहार में साथ रहने को कहा था। 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में राजद के पांच और जदयू के दो विधायक हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा से नाता तोडने के बाद नीतीश सरकार द्वारा पिछले 19 जून को बिहार विधानसभा में विश्वास मत के समय कांग्रेस के चार विधायकों ने सरकार का समर्थन किया था। कांग्रेस के उक्त समर्थन के आधार पर झारखंड में बनने वाली सरकार को जदयू द्वारा समर्थन दिए जाने की संभावना जतायी जा रही थी।

अहमद ने पिछले 22 जून को कहा था कि बिहार में कांग्रेस के राजद या जदयू के साथ गठबंधन को लेकर रक्षा मंत्री ए के अंटोनी की अध्यक्षता वाली कमेटी उचित समय पर निर्णय लेगी। (एजेंसी)


First Published: Thursday, July 4, 2013, 21:10

comments powered by Disqus