Last Updated: Sunday, April 7, 2013, 10:51

मुंबई : मुंबई के ठाणे में सात मंजिला इमारत हादसा में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में जमील कुरैशी और सलीम शेख नाम के दो बिल्डर भी हैं।
ठाणे क्राइम ब्रांच ने बीती रात ठाणे म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के निलंबित डिप्टी कमिश्नर दीपक चव्हाण, एएमसी बालासाहब अंधाले, सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर ए. सईद, एनसीपी के कॉरपोरेटर हीरा पाटिल और एएमसी के लिपिक महेश मुर्के को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने इलाके के एक पार्षद को भी हिरासत में लिया था जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया है। इस सभी आरोपियों पर गैर−इरादतन हत्या, लापरवाही और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इधर मुंबई के सायण अस्पताल में एक महिला की मृत्यु होने और मलबे से एक बच्चे का शव बरामद होने के साथ ही इमारत के ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या 74 हो गई। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन नियंत्रण (आरडीएमसी) के सूत्रों के अनुसार हादसे में मरने वाले 74 लोगों में 33 पुरुष, 23 महिलाएं और 18 बच्चे हैं। घायल हुए 59 लोगों में से 36 को ठाणे, कलवा और मुंब्रा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को मुंबई के जेजे और सायण अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, April 7, 2013, 10:50