ठाणे में एक और इमारत ध्वस्त, 10 लोग मरे

ठाणे में एक और इमारत ध्वस्त, 10 लोग मरे

ठाणे में एक और इमारत ध्वस्त, 10 लोग मरेठाणे : मुंबई महानगर क्षेत्र में अप्रैल से इस तरह की तीसरी घटना के तहत ठाणे के मुंबरा क्षेत्र में कल देर रात एक इमारत ढह गई जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हैं। मरने वालों में छह बच्चे शामिल हैं।

अधिकारियों को 33 साल पुरानी इमारत ‘शकुंतला’ के मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारी इस इमारत को रहने के लिए अनफिट घोषित कर चुके थे। मुंबई, ठाणे और इसके आस पास के क्षेत्रों में बीते दो सप्ताह से भारी बारिश हो रही है।

ठाणे जिले के मुंबरा क्षेत्र में बाजारपेठ में तीन मंजिला इमारत कल देर रात दो बजे ढह गई। घटना के समय इसमें रह रहे लोग सो रहे थे। पुलिस देर रात ढाई बजे वहां पहुंची और तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे में घायल लोगों को कलसेखर अस्पताल, शिवाजी अस्पताल और ठाणे सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

मुंबई स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के 70 जबकि पुणे के 50 कर्मी बचाव अभियान में लगे हैं। उनके पास पीड़ितों का पता लगाने वाले कैमरे सहित कई अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, June 21, 2013, 09:08

comments powered by Disqus