डीएम रिहाई: मध्यस्थों की वार्ता फिलहाल बेनतीजा - Zee News हिंदी

डीएम रिहाई: मध्यस्थों की वार्ता फिलहाल बेनतीजा



ज़ी न्यूज ब्यूरो\एजेंसी

रायपुर : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कलेक्टर एलेक्स पाल मेनन की रिहाई के लिए चल रही बातचीत में माओवादियों के मध्यस्थों ने सरकार के मध्यस्थों को माओवादियों से हुई बातचीत की जानकारी दे दी है। तीसरे दौर की बातचीत के बाद भी इस मसले का अभी तक कोई हल नहीं निकला है।

 

राज्य सरकार की ओर से मध्यस्थ मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्य सचिव निर्मला बुच ने यहां संवाददाताओं को बताया कि सुकमा जिले के कलेक्टर एलेक्स पाल मेनन की रिहाई के लिए रविवार को तीसरे दौर की बातचीत हुई जिसमें माओवादियों के मध्यस्थों ने माओवादियों से हुई बातचीत का ब्योरा सामने रखा। इसकी जानकारी अब राज्य सरकार को दी जाएगी। वहीं माओवादियों के मध्यस्थ प्रो. हरगोपाल ने बताया कि उन्होंने माओवादियों से हुई बातचीत की जानकारी राज्य सरकार के मध्यस्थों को दे दी है। राज्य सरकार के मध्यस्थ इस संबंध में राज्य शासन को जानकारी देंगे तथा सोमवार को अगले दौर की बातचीत हो सकती है।

 

इससे पहले माओवादियों के मध्यस्थ बीडी शर्मा और प्रो. हरगोपाल रविवार दोपहर बाद माओवादियों से मुलाकात कर हेलीकॉप्टर से राजधानी पहुंचे तथा राज्य अतिथि गृह पहुना में दोनों ओर के मध्यस्थों के साथ बातचीत शुरू हुई। इस दौरान माओवादियों के दोनों मध्यस्थों ने माओवादियों से हुई बातचीत की जानकारी राज्य शासन के मध्यस्थों को दी। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कलेक्टर एलेक्स पाल मेनन की एक सप्ताह पहले 21 अप्रैल की शाम माओवादियों ने अपहरण कर लिया था तथा उनके दो सुरक्षा कर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थीं।

 

माओवादियों ने कलेक्टर मेनन की रिहाई के बदले अपने 17 साथियों को छोड़ने समेत पांच मांगे रखी हैं। इस मामले को हल करने के लिए राज्य सरकार की ओर से निर्मला बुच और सुयोग्य कुमार मिश्रा तथा माओवादियों की ओर से बीडी शर्मा और प्रो. हरगोपाल मध्यस्थ हैं। दो दौर की बातचीत के बाद माओवादियों के मध्यस्थों ने राज्य के ताड़मेटला क्षेत्र जाने की इच्छा जताई थी। इसके बाद शनिवार को मध्यस्थ ताड़मेटला के जंगल पहुंचे और माओवादियों से बातचीत कर रविवार को वापस लौटे।

First Published: Monday, April 30, 2012, 08:43

comments powered by Disqus