तमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना का हमला

तमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना का हमला

नागपत्तनम : तमिलनाडु में कोडिकराई तट से दूर समुद्र में श्रीलंका की नौसेना ने कुछ मछुआरों पर हमला किया और उनकी नौका को नुकसान पहुंचाया। यह भारतीय मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना के हमले की एक और घटना है।

मात्स्यिकी विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जिले में वेदारण्यम के अरूकोट्टुथुरई के आठ मछुआरों ने शिकायत की कि कल रात श्रीलंका की नौसेना ने उन पर हमला किया।

अधिकारियों के अनुसार कल सुबह 120 मछुआरे 25 नौकाओं में समुद्र में गए थे, रात में कोडिकराई से दूर समुद्र में जब वे मछली पकड़ रहे थे तब श्रीलंकाई नौसेना ने उनकी दो नौकाएं घेर लीं। नौसेना के जवान उन नौकाओं पर पहुंच गए और मछुआरों के साथ लोहे की छड़ से मारपीट की। एक नौका को नुकसान भी पहुंचा।

मछुआरे आज सुबह तट पर लौटे और उन्होंने मात्स्यिकी विभाग के अधिकारियों के सामने शिकायत दर्ज कराई।

एक सितंबर को नागपत्तनम के समीप अक्करपेट्टई गांव के 28 मछुआरों को पाक जलडमरूमध्य में श्रीलंका की समुद्री सीमा में प्रवेश करने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया था और उन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

मछुआरों के साथ आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, September 6, 2012, 20:18

comments powered by Disqus