Last Updated: Friday, December 16, 2011, 07:10
आगरा : एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर को बुधवार को ताजमहल के आसपास मंडराते देखा गया। इस हेलीकॉप्टर ने 17वीं सदी के इस स्मारक के चारों ओर कई चक्कर लगाए। इससे घबराए भारतीय पुरातत्व संरक्षण (एएसआई) ने पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है। ताजमहल की देखभाल का जिम्मा सम्भालने वाले एएसआई अधिकारी मुनाज्जर अली ने ताजगंज थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जहां अभी प्राथमिकी दर्ज किया जाना बाकि है। वैसे इस बीच इसकी जवाबदेही एक-दूसरे पर डालने का खेल शुरू हो गया है।
उप महानिरीक्षक असीम अरुण ने शुक्रवार को कहा कि हमने जांच का आदेश दे दिया है। एडलैब्स के पास हेलीकॉप्टर उड़ाने की इजाजत है लेकिन सम्बंधित एजेंसियों को किसी भी तरह से तय समय में यह जानकारी नहीं दी जा सकी थी। अरुण ने संवाददाताओं से कहा कि वहां निश्चित रूप से समायोजन व संपर्क की कमी है। उन्होंने कहा कि फिल्म यूनिट के पास इजाजत थी लेकिन संबंधित एजेंसियों के पास सही समय पर यह सूचना नहीं पहुंच सकी। इस बात की जांच की जा रही है।
आगरा में एएसआई प्रमुख ने कहा कि नहीं, उन्होंने एएसआई से ताज के ऊपर हेलीकॉप्टर उड़ाने की इजाजत नहीं ली थी। ताज की सुरक्षा की जिम्मेदारी सम्भालने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कमांडेंट एके सिंह ने कहा कि हमारे पास कोई सूचना नहीं थी। महत्वपूर्ण इमारतों के संरक्षण के लिए काम करने वाले श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह से कोई भी घुसपैठिया उच्च सुरक्षा वाले इलाके में प्रवेश कर सकता है। ताजमहल को पहले ही आतंकवादी समूहों से खतरा है।
ताजमहल में संरक्षण सहायक मुन्नाजर अली ने कहा कि यह वास्तव में गम्भीर मामला है। हमारी जांच में पता चला है कि उन्होंने मुख्यालय से कोई अनुमति नहीं ली थी। हेलीकॉप्टर खतरनाक रूप से इमारत के नजदीक था। मुझे नहीं लगता कि एएसआई में कोई भी समझदार व्यक्ति इस तरह की इजाजत देगा। पुलिस की ओर से स्पष्टीकरण आना चाहिए। हमने ताजगंज थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। आगरा के सहायक जिला मजिस्ट्रेट अरुण प्रकाश ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की पहल पर एक वृत्तचित्र फिल्म बनाई जानी थी। हेलीकॉप्टर ने बुधवार को ताजमहल के 11 चक्कर लगाए थे।
(एजेंसी)
First Published: Friday, December 16, 2011, 14:41