Last Updated: Sunday, August 19, 2012, 13:35

लखनऊ : कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की उस उम्मीद को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे के उदय की सम्भावनाएं जाहिर की हैं।
जोशी ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, `लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की सम्भावना निर्थक है। देश की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस में से ही किसी को चुनेगी। चुनाव के बाद भाजपा या फिर कांग्रेस की ही अगुवाई में सरकार बनेगी। तीसरा मोर्चा नहीं पनपेगा। बिना नाम लिए मुलायम पर निशाना साधते हुए जोशी ने कहा कि लोगों को सपने देखने की छूट है।`
उल्लेखनीय है कि शनिवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ में कहा था कि अगले आम चुनाव में देश में जो तस्वीर बन रही है, उसके मुताबिक भाजपा और कांग्रेस को अगले लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में तीसरे मोर्चे को बढ़त हासिल होती दिख रही है। मुलायम ने यह भी कहा कि अगले आम चुनाव में सपा यदि उत्तर प्रदेश में 60 सीटें लाने में कामयाब हो जाती है तो केंद्र में सपा के नेतृत्व वाली सरकार बनने से कोई रोक नहीं पाएगा। (एजेंसी)
First Published: Sunday, August 19, 2012, 13:35