त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में 91.6% मतदान

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में 91.6% मतदान

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में 91.6% मतदानअगरतला : त्रिपुरा में 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण चुनाव में करीब 91.6 फीसदी मतदान हुआ। मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मतदान का प्रतिशत और बढ़ सकता है क्योंकि राज्य के कुछ भागों में मतदान प्रकिया जारी थी।

वर्ष 2008 में राज्य में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में 92.6 फीसदी मतदान हुआ था।

वाम मोर्चा को रिकॉर्ड बनाते हुए पांचवी बार सत्ता में लौटने की उम्मीद है। मुख्य मुकाबला वाम मोर्चा और कांग्रेस के बीच है।

मुख्यमंत्री माणिक सरकार, वित्त मंत्री बादल चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री अनिल सरकार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुदीप राय बर्मन, पूर्व मुख्यमंत्री समीर रंजन बर्मन और इंडिनिजिनस नेशनलिस्ट पार्टी ऑफ त्रिपुरा के अध्यक्ष बिजल राखांवल उन 249 उम्मीदवारों में शामिल हैं जिनकी राजनीतिक तकदीर इवीएम में सील हो गयी।

पुलिस ने बताया कि खायेरपुर विधानसभा क्षेत्र में बोधजंगनगर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक गश्ती दल ने पांच देशी बम बरामद किए। इसके अलावा राज्य के किसी भी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ।

मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने आज सुबह रामनगर विधानसभा सीट के उमाकांत विद्यालय मतदान केंद्र पर वोट डाला। त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुदीप राय बर्मन और आईएनपीटी के प्रमुख बिजय रांखावल ने क्रमश: अगरतला एवं धलाई जिले में मतदान किया।

अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम त्रिपुरा जिले के सोनमुरा और दक्षिण त्रिपुरा जिले के धरमनगर में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण मतदान कुछ समय के लिए रोक दिया गया। करीब दस मिनट बाद नयी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के जरिये मतदान चालू हुआ।

वाम मोर्चा के सबसे बड़े घटक माकपा ने 55 सीटों पर, आरएसपी ने दो, भाकपा ने दो और फॉरवर्ड ब्लॉक ने एक सीट पर प्रत्याशी खडे किये हैं।

कांग्रेस 48 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उसके गठबंधन सहयोगी आईएनपीटी ने 11 सीटों पर और नेशनल कॉन्फ्रेन्स ऑफ त्रिपुरा ने एक सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं। राज्य में 23,52,505 मतदाता हैं जिनमें से 11,64,656 महिलाएं हैं। चुनाव मैदान में भाग्य आजमा रहे निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर 16 राजनीतिक दलों के 249 प्रत्याशी हैं।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 250 कंपनियां तैनात की गई हैं।

बीएसएफ ने बांग्लादेश के साथ लगने वाली 856 किमी लंबी सीमा सील कर दी है और घुसपैठ रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, February 14, 2013, 21:31

comments powered by Disqus