Last Updated: Saturday, January 12, 2013, 14:21

बलिया : दिल्ली में सामूहिक बलात्कार की शिकार लड़की के दोनों भाइयों की शिक्षा का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार उठाएगी। साथ ही पूरे देश को झकझोर गई पीड़िता की स्मृति संजोने के लिए उसके पैतृक गांव का चहुंमुखी विकास होगा।
जिलाधिकारी ए.बी. राजमौलि ने शनिवार को यहां ‘भाषा’ को बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशों के मुताबिक दिल्ली सामूहिक बलात्कार की शिकार हुई लड़की के दोनों भाइयों की शिक्षा से लेकर नौकरी के आवेदन तक का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीड़िता के गांव का विकास भी तेजी से किया जाएगा। लोहिया समग्र ग्राम के रूप में चयनित इस गांव में 27 बिन्दुओं से सम्बन्धित विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे।
राजमौलि ने बताया कि गांव में सभी सड़कों का फिर से निर्माण होगा। साथ ही निर्बल वर्ग को आवास आवंटित किया जाएगा और पात्र लोगों को छात्रवृत्ति तथा पेंशन दी जाएगी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 12, 2013, 14:21