Last Updated: Sunday, January 20, 2013, 00:00
गाजियाबाद : साहिबाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले दिल्ली पुलिस के एएसआई की आनंद विहार दिल्ली में विवाह समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। एएसआई ओमवीर सिंह संसद भवन की सुरक्षा में तैनात थे। पुलिस ने इस मामले में हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ओमवीर के पिता प्रेम सिंह एवं उनके रिश्तेदार अनिल ने बताया कि ओमवीर सिंह बीते रोज ड्यूटी से सीधे एक शादी समारोह में शरीक होने चले गए। वहां ओमवीर डांस कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनकी बायीं बाजू को चीरती हुई सीने में घुस गई। घायल हालत में दारोगा को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिजन के मुताबिक आनंद विहार पुलिस ने शक के आधार पर शादी समारोह में शरीक हुए करीब 35 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक ने हत्या करने का जुर्म कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। परिजनों ने हत्यारोपी का नाम पंकज बताया है। परिजन के अनुसार सिंह का किसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनकी हत्या शायद इसी वजह से हुई है। परिवार वालों ने बताया कि ओमवीर ने डेढ माह पूर्व ही बेटे की शादी की थी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 20, 2013, 00:00