Last Updated: Sunday, June 10, 2012, 10:48
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ती कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए दिल्ली की एक अदालत ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर तत्काल जरूरी उपाए किए जाने चाहिए। अदालत ने यह व्यवस्था दो युवकों को 10 वर्ष की सजा सुनाते हुए दी जिन्होंने पिछले वर्ष एक व्यक्ति से लूटपाट की और गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कामिनी लाउ ने कहा, ‘देश की राजधानी में कानून एवं व्यवस्था की खराब होती स्थिति गंभीर चिंता का विषय है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर जरूरी उपाए किए जाने चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘ऐसी परिस्थिति में अदालतों को समाज के समक्ष उत्पन्न नई चुनौतियों का हल ढूढ़ने की जरूरत है।’ न्यायाधीश ने 26 वर्षीय यामिन और 24 वर्षीय विकास के प्रति कोई नरमी दिखाने इंकार कर दिया जो लूटपाट, चोरी, डकैती के कई मामले पहले से शामिल रहे हैं।
अदालत ने कहा कि इनके प्रति सहानुभूति दिखाने से न्याय व्यवस्था को नुकसान होगा। अदालत ने दोषियों को 10-10 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि पिछले कुछ समय से दिल्ली में डकैती, हत्या एवं अन्य अपराध की घटनाओं में तेजी आई है। खतरनाक हथियारों के आगे असहाय पीड़ितों द्वारा ऐसी स्थिति का विरोध नहीं कर सकने से आतंक बढ़ता है और इससे सामाजिक व्यवस्था और प्रणाली पर लोगों का विश्वास प्रभावित होता है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 10, 2012, 10:48