Last Updated: Tuesday, February 5, 2013, 13:58
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली में सोमवार आधी रात से हुई बारिश ने सर्दी बढ़ा दी है। कई जगह पर तेज बारिश के साथ ओले पड़ने की भी खबर है। थोड़े-थोड़े अंतराल पर होने वाली बारिश से राजधानी का तापमान में गिरावट आई है। सुबह की बारिश से कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 50 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। यह 1942 के बाद फरवरी महीने में सर्वाधिक रिकॉर्ड बारिश है। इस बारिश ने 71 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
बारिश होने के कारण ठंड तेज हो गई है और जगह-जगह पानी भरने की वजह से यातायात भी बाधित हुआ। आईटीओ, विकास मार्ग और साउथ एक्सटेन्शन सहित कई इलाकों में यातायात बाधित हो गया।
मौसम विभाग ने दिन में और बारिश होने तथा तेज हवाओं के साथ आंधी आने का पूर्वानुमान जताया है।
एंड्रयू गंज, महिपालपुर, हरि नगर, आईआईटी क्रॉसिंग से अधचीनी, यूसुफ सराय, मार्केट, मुनीरका फ्लाईओवर, बदरपुर बॉर्डर, वजीरपुर औद्योगिकी इलाके, अशोक विहार, लक्ष्मी नगर और लाला लाजपतराय मार्ग में भी कई जगहों पर पानी भरा होने के कारण यातायात की समस्या आई।
आज का न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री उपर था। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम था।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसा मौसम बने रहने का पूर्वानुमान जताया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, February 5, 2013, 12:24