Last Updated: Friday, October 19, 2012, 21:01
नई दिल्ली : दिल्ली में डेंगू से पीड़ित एक साल की एक बच्ची ने दम तोड़ दिया। यहां मच्छर जनित इस रोग से यह दूसरी मौत की पुष्टि हुई है। राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 580 हो गई है।
उत्तरी एवं पूर्वी दिल्ली नगर निगम के प्रवक्ता योगेंद्र सिंह मान ने बताया कि डेंगू से पीड़ित प्रेमलाल की बेटी चंचल की लोकनायक अस्पताल में मौत हो गई। राजधानी में डेंगू से दूसरी मौत की पुष्टि हुई है। इससे पहले इस महामारी से 29 सितम्बर को दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में रहने वाली नौ साल की बच्ची तबस्सुम खान की अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मौत हो गई थी।
शुक्रवार को शहर में डेंगू के और 34 मामले सामने आए। इस तरह डेंगू से पीड़ितों की कुल संख्या 585 हो गई है। इनमें से पांच मरीज हालांकि पड़ोसी राज्यों के हैं। मान ने बताया कि 585 में से दो मामले उत्तर प्रदेश से और तीन हरियाणा से हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष इसी अवधि में डेंगू से पीड़ितों की संख्या 471 थी। पिछले चार वर्षो की तुलना में इस वर्ष मरने वालों की संख्या हालांकि आधी है। (एजेंसी)
First Published: Friday, October 19, 2012, 21:01